वुशू फेडरेशन कप में बीकानेर के रिशभ जोशी ने सीनियर 65 किग्रा में रजत पदक जीता

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.छत्तीसगढ़ में आयोजित 9वीं वुशू फेडरेशन कप 2025 में बीकानेर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रिशभ जोशी ने सीनियर वर्ग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में रिशभ जोशी ने शुरुआत से ही प्रभावशाली खेल दिखाया। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने आंध्र प्रदेश और मिजोरम के खिलाड़ियों को पराजित किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में असम के खिलाड़ी को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने जम्मू-कश्मीर के राष्ट्रीय वुशू पदक विजेता जमील चौधरी को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबले में रिशभ जोशी का सामना मणिपुर के खिलाड़ी से हुआ। मुकाबले के पहले राउंड में रिशभ स्कोर में बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन पूर्व में लगी चोट के कारण उसी राउंड में वे पुनः चोटिल हो गए। चोट के बावजूद उन्होंने साहसपूर्वक मुकाबला जारी रखा, किंतु शारीरिक असहजता के चलते मुकाबला उनके पक्ष में नहीं रहा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

इस उपलब्धि पर खेल जगत से उन्हें बधाइयाँ मिल रही हैं। कोच गणेश कुमार हर्ष (सचिव) ने कहा कि “रिशभ ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, आत्मविश्वास और जुझारूपन का परिचय दिया। चोट के बावजूद फाइनल तक पहुँचना बड़ी उपलब्धि है।”

विकाश हर्ष (एसोसिएशन कोऑर्डिनेटर) ने इसे बीकानेर वुशू के लिए गर्व का क्षण बताया।

अनिल बोड़ा (जिला शिक्षा अधिकारी, शारीरिक शिक्षा) ने कहा कि “रिशभ का प्रदर्शन जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।”

डॉ. पुष्पलता शर्मा (टेक्निकल डायरेक्टर, बीकानेर वुशू संघ) ने उनके तकनीकी कौशल की सराहना की।

मनमोहन जोशी (एसोसिएशन सलाहकार समिति) ने इसे निरंतर प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया।

वहीं सुरेन्द्र हर्ष (जिला खेल अधिकारी) ने कहा कि “रिशभ ने बीकानेर और राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

इसके अतिरिक्त डॉ. यशवंत गहलोत (खेल निदेशक, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय) ने कहा कि “रिशभ जोशी विश्वविद्यालय के लिए गौरव हैं। उनका यह पदक विश्वविद्यालयी खेलों को नई पहचान देगा।”

इस अवसर पर समाजसेवी राजेश चुरा ने भी रिशभ जोशी को बधाई देते हुए कहा कि “रिशभ जैसे मेहनती और प्रतिभाशाली खिलाड़ी बीकानेर की शान हैं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देता हूँ और आगे भी उनके साथ खड़ा रहूँगा।”

उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय पदक जीतने पर बीकानेर जिला प्रशासन द्वारा नम्रता वृश्णि (आईएएस, जिला कलेक्टर) ने भी रिशभ जोशी को सम्मानित किया था।

आगामी प्रतियोगिता

रिशभ जोशी 9 से 13 अप्रैल तक श्रीनगर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुशू प्रतियोगिता में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बीकानेर में वुशू खेल के विकास हेतु निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए बीकानेर जिला प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया गया। खेल संगठनों ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से ही खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ, मार्गदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।।